भोपाल।मध्य प्रदेश कैडर से सीनियर आईएएस अफसर राजीव शर्मा ने सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है. शर्मा फिलहाल शहडोल संभाग के कमिश्नर हैं. अटकलें हैं कि राजीव शर्मा मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं. आज कल में इस्तीफा मंजूर होने की उम्मीद है.
बता दें, राजीव शर्मा 13 जून 1988 को मध्यप्रदेश राज्य सेवा में आए। साल 2010 में उनको आईएएस अवॉर्ड हुआ। फिलहाल, वह 13 अप्रैल 2021 से शहडोल कमिश्नर के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने शहडोल में फुटबाल क्रांति और जल क्रांति जैसे कई बड़े काम किए, जिनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहा था। फुटबाल क्रांति में शहडोल में युवाओं के कई छोटे-छोटे फुटबाल क्लब बनाए। वहीं, जल क्रांति में कुओं को बारिश के पानी से रिचार्ज करने की तकनीक पर काम किया। शर्मा ने कहा, मैंने डेढ़ महीने वीआरएस के लिए आवेदन किया है। वह सरकार के स्तर स्वीकृति के लिए अंतिम चरण में है। मैं अब अपनी जन्मस्थली का ऋण चुकाने के लिए काम करना चाहता हूं। 35 साल नौकरी कर ली। मैं कई साल से विचार कर रहा था।
उन्होंने कहा, मैं अपने गृह जिले लौटकर सामाजिक क्षेत्र में काम करुंगा। अन्ना हजारे की तरह जल संवर्धन समेत कई क्षेत्रों में काम की शुरुआत की जाएगी। भिंड में साढ़े चार लाख लीटर दूध का उत्पादन प्रतिदिन होता है। वहां के पशुपालकों और किसानों को आगे बढ़ाने काम करुंगा। खेती के क्षेत्र में, समाजिक कुरीतियों को दूर करने, भिंड को पर्यटन के क्षेत्र में आगे लाने समेत कई क्षेत्र हैं।

