दतिया। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को दतिया की चुनावी सभा में कहा, भाजपा के नेता विचित्र हैं। हमारे सिंधिया जी कद में थोड़े छोटे पड़ गए, लेकिन अहंकार में वाह भई वाह…। हम यूपी में काम कर रहे थे। कार्यकर्ताओं को उन्हें महाराज-महाराज कहना पड़ता था। कांग्रेस महासचिव ने आगे कहा, सिंधिया ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। इन्होंने ग्वालियर – चंबल के लोगों से विश्वासघात किया। आपकी पीठ में छुरा घोंपा। पीएम मोदी ने दुनियाभर के कायरों और गद्दारों को इकट्ठा कर अपनी पार्टी में ले लिया।
प्रियंका ने कहा, गृहमंत्री दिन भर पिक्चर देखते रहते हैं। कौन – क्या पहना है, इन्हें बड़ी चिंता रहती है। विश्व प्रसिद्ध महान अभिनेता शिवराज सिंह चौहान उर्फ मामा जी एक्टिंग में अमिताभ बच्चन के भी कान काट लें। लेकिन, काम की बात होती है, तो असरानी का रोल पकड़ लेते हैं। मोदी जी का पूछिए ही मत। उनका क्या कहना। देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो परमानेंट अपनी ही पीड़ा में परेशान रहते हैं। कहते हैं कि मुझे इतनी गालियां दीं। रोते रहते हैं। जैसे तेरे नाम में सलमान खान रोए। पीएम के लिए पिक्चर बना देते हैं। नाम रखेंगे मेरे नाम।
लाड़ली बहना योजना की घोषणा दो महीने पहले क्यों की गई? भाजपा घोषणाएं ये समझकर करती है कि हम जनता को बेवकूफ बना सकते हैं। 18 साल में 21 रोजगार ही दिए।
MP की जनता को प्रियंका की गारंटी…
• पुरानी पेंशन लागू करेंगे
• महिलाओं के खाते में हर महीने 1500 रुपए
• रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा
• 100 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। 200 यूनिट पर बिल आधा किया जाएगा
• किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा
• दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाई जाएगी
• हर महीने 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता
गेंहू के लिए 2600 रुपए MSP
पिछड़ों को 27% आरक्षण
• जाति आधारित जनगणना कराएंगे
• प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100% छूट
• परिवार समेत 25 लाख तक का मुफ्त बीमा
• 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा
• सिंचाई के लिए 5 हार्स पॉवर बिजली मुफ्त
• कक्षा 1 से 12 तक मुफ्त शिक्षा

