भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के दोनों राजनीतिक दलों में आरोप प्रत्यारोप से सियासी पारा भी चढ़ता जा रहा है। भाजपा ने कांग्रेस के चलो, चलो .. थीम सॉन्ग को पाकिस्तान की पीटीआई पार्टी के थीम सॉन्ग से चुराने के आरोप पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। कांग्रेस ने राजस्थान में भाजपा का चलो चलो गाना शेयर कर गहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को टैग किया है।
एमपी बीजेपी ने ट्वीट कर कांग्रेस पर पाकिस्तान प्रेम और थीम सॉन्ग चुराने का आरोप लगाया और लिखा, ”कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम फिर आया सामने. मध्य प्रदेश चुनाव में अपने प्रचार गाने के लिए @INCMP ने पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी के थीम सांग को ही चुरा लिया. कांग्रेस की ‘चोरी’ की आदत पुरानी है लेकिन पाकिस्तान से इतना प्रेम क्यों? जवाब दे कांग्रेस!”
पीसीसी चीफ कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने राजस्थान भाजपा का थीम सॉन्ग शेयर किया। इस सॉन्ग में भी चलो, चलो…का उपयोग किया गया। उन्होंने गाना शेयर कर बिना कुछ लिखे भाजपा पर पलटवार किया। बता दें गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के थीम सॉन्ग चलो-चलो पाकिस्तान से लेने की बात कही है। मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान से इतना प्रेम है कि यात्रा का थीम सॉन्ग चलो-चलो भी उन्होंने पाकिस्तान से लिया है।