भोपाल। मध्य प्रदेश में जैसे जैसे मतदान की तारीख पास आती जा रही है, रैलियों और सभाओं का सिलसिला भी तेज हो रहा है। और उसी तेजी से आरोप प्रत्यारोप और व्यंग कसने का क्रम भी तेज हो गया है। हाल ही में जय वीरू, श्याम और छैनू का उल्लेख हो रहा था तो अब चुनावी भाषणों में पांडव, रामायण, अहिरावण, हनुमान और धृतराष्ट्र की एंट्री हो गई है।
असल में दमोह में आज हुई रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मल्लिकार्जुन खड़गे को पांच पांडवों वाले बयान पर घेरा। मोदी ने कहा- कांग्रेस के अध्यक्ष रिमोट से चलते हैं। वे मेरे मित्र भी हैं। हमें गर्व है कि हम पांच पांडवों की राह पर हैं। वहीं गुना की सभा में उन्होंने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बयान के बहाने I.N.D.I.A. गठबंधन को निशाने पर लिया।
रामायण अहिरावण और हनुमान
वहीं इंदौर में प्रियंका गांधी ने अपने भाषण में रामायण की चर्चा की। भाजपा की तुलना अहिरावण से करते हुए जनता से हनुमान बनकर कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने को कहा। साथ ही अपने नाना – पिता के काम भी याद
दिलाए ।अहिरावण ने जिस तरह भगवान राम और लक्ष्मण जी से छल किया, उसी तरह आपके साथ भी कुछ बहुरूपियों ने छल किया। आपकी चुनी हुई सरकार चोरी की और उसे ‘भ्रष्टाचार लोक’ में ले गए।
कोरोनाकाल में आपके यहां से स्वास्थ्य मंत्री तुलसी सिलावट बंगलुरू के रिसॉर्ट में आपकी सरकार की सौदेबाजी कर रहे थे। वे सरकार में मिलावट कर रहे थे। अच्छा हुआ, दूसरी पार्टी में चले गए। अगर आज आप हनुमान नहीं बनेंगे तो यहां से जो छल शुरू हुआ, उसे कौन ठीक करेगा? इसलिए आपको हनुमान बनना पड़ेगा। कांग्रेस को वापस लाना पड़ेगा।
बड़वानी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कांग्रेस नेता कमल नाथ और दिग्विजय सिंह पर जमकर हमला बोला और उन्हें धृतराष्ट्र बताया। खरगोन जिले के धूलकोट और भीकनगांव व बड़वानी जिले के ग्राम चाचरिया के पानसेमल में चुनावी सभाओं में उन्होंने कहा कि कांग्रेस में दो-दो धृतराष्ट्र हैं। दोनों अपने बेटों को आगे बढ़ाने के लिए एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। एक कमल नाथ हैं तो दूसरे दिग्विजय सिंह हैं, लेकिन मामा शिवराज सबका भाई है और वह सबको आगे बढ़ाएगा।

