नई दिल्ली। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची आज रात तक जारी कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की इस दूसरी सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया जा सकता है। इससे पहले कांग्रेस अपने 144 प्रत्याशियों के नामों की पहली सूची जारी कर चुकी है। कुल 230 विधानसभा सीटों में से अब शेष 86 सीटों पर नामों का एलान होना बाकी है। इधर भाजपा की पांचवी सूची भी आज शाम को जारी होने की संभावना बताई जा रही है। कल दिल्ली में इस पर मंथन हुआ और बाकी सीटों पर सहमति बन गई।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस पार्टी की इलेक्शन कमेटी (सीईसी) की मीटिंग दिल्ली में खत्म हो गई है। ये मीटिंग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की अगुआई में कांग्रेस मुख्यालय में हुई। इसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राहुल गांधी, सोनिया गांधी समेत मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ व छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता मौजूद रहे। उम्मीद है कि आज राजस्थान के कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट और मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के बाकी 146 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो जाएगी।
कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को मप्र, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के लिए 229 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इनमें मध्यप्रदेश की 230 में से 144, छत्तीसगढ़ की 90 में से 30 और तेलंगाना की 119 में से 55 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। 16 अक्टूबर को मिजोरम की 40 में से 39 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। 200 सीटों वाली राजस्थान की कोई लिस्ट नहीं आई है। यानी राजस्थान की 200, मध्य प्रदेश की 86, छत्तीसगढ़ की 60, तेलंगाना की 64 और मिजोरम की एक सीट पर कैंडिडेट के नाम नहीं तय हुए हैं। कुल मिलाकर सभी पांच राज्यों की 411 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा बाकी है।
राहुल-प्रियंका आज तेलंगाना में, बस यात्रा से चुनावी कैंपेन की शुरुआत करेंगे
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को तेलंगाना में चुनावी कैंपेन की शुरुआत बस यात्रा से करेंगे। वे विशेष विमान से दोपहर 3:30 बजे बेगमपेट हवाईअड्डे पहुंचेंगे। यहां से दोनों हेलीकॉप्टर से करीब 4.30 बजे रामप्पा मंदिर पहुंचेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों नेता भूपालपल्ली तक करीब 30 किलोमीटर लंबी बस यात्रा शुरू करेंगे। मुलुगु से कांग्रेस विधायक दानसारी अनसूया ने बताया कि रैली के बाद प्रियंका आज ही दिल्ली लौट जाएंगी।
भाजपा की बैठक में 94 विधानसभा सीटों पर चर्चा क
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को दिल्ली में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक हुई। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर हुई यह बैठक करीब छह घंटे तक चली। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में कोर ग्रुप ने मध्यप्रदेश की बची हुई 94 विधानसभा सीटों पर चर्चा की। लगभग बची हुई सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इनमें 71 विधायकों (66 भाजपा, सपा-बसपा के एक-एक, दो निर्दलीय विधायकों, भाजपा को समर्थन देने वाले सिंधिया समर्थक विधायक) की सीटों पर चर्चा हुई। इसके अलावा हारी हुई 23 सीटों पर चर्चा हुई। भाजपा उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जल्द आ सकती है। भाजपा उम्मीदवारों की अगली सूची टिकट काटने और सीट बदलने वाली होगी।