Saturday, 11 April

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों में जमकर बगावत हुई है. अब ऐसे बागियों को दोनों ही पार्टियां सबक सिखाना शुरू कर चुकी हैं. शुरूआत कांग्रेस पार्टी की ओर से हुई है. कांग्रेस ने अपने शाजापुर जिले के अध्यक्ष को हटा दिया है. कांग्रेस संगठन के आरोप हैं कि उनके शाजापुर जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ काम किया और अपने समर्थकों को बीजेपी में ज्वॉइन कराकर पार्टी के साथ बगावत की।

कांग्रेस पार्टी की ओर से एक पत्र जारी किया गया है जिसमें उन्होंने शाजापुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह को पद से हटाने का निर्णय सुनाया है और उसके पीछे कई गंभीर आरोप उन पर संगठन की ओर से लगाए गए हैं. पत्र में बताया गया है कि शाजापुर जिले की शुजालपुर विधानसभा से कांग्रेस से टिकट ना मिलने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने अपने समर्थकों को भाजपा ज्वॉइन कराई और कांग्रेस प्रत्याशी रामवीर सिंह सिकरवार के खिलाफ काम किया।

कांग्रेस के संगठन प्रभारी ने जिले के कांग्रेस अध्यक्ष योगेंद्र सिंह बंटी बना को जिलाध्यक्ष पद से पद मुक्त कर दिया है. इसके पहले उनसे सात दिन में जवाब मांगा गया है. संतोषप्रद जवाब न होने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी. इस संबंध में कांग्रेस के संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने एक पत्र भी जारी किया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Share.
Exit mobile version