भोपाल। 22 फरवरी को मुख्यमंत्री कार्यालय में OSD (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) बनाए गए रिटायर्ड IAS अधिकारी आनंद शर्मा ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्हें उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 के कोआर्डिनेशन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आनंद शर्मा ने अपने इस्तीफे की वजह पर्सनल कारण बताया है।
इसके बाद CM कार्यालय में उज्जैन निवासी जगदीश जोशी की OSD नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने मंगलवार को जारी आदेश में कहा है कि 22 फरवरी को रिटायर्ड IAS आनंद शर्मा मुख्यमंत्री कार्यालय में सिंहस्थ कार्य और धार्मिक न्यास व धर्मस्व विभाग से संबंधित मामलों में समन्वय के लिए संविदा पर ओएसडी नियुक्त किए गए थे। उन्होंने 5 मार्च को त्यागपत्र का आवेदन दिया है। जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
दूसरी ओर, नए ओएसडी जगदीश जोशी सेठी नगर उज्जैन के ही रहने वाले हैं। उनकी नियुक्ति CM डॉ. मोहन यादव के कार्यकाल तक के लिए की गई है। बताया गया कि जोशी सीएम के साथ पहले से काम करते रहे हैं। अब उन्हें सचिवालय में नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
CS के निज सचिव की संविदा अवधि बढ़ाई
GAD ने एक अन्य आदेश में मुख्य सचिव कार्यालय में एक साल के लिए संविदा पर पदस्थ निज सचिव लोमस ऋषि राय की सेवा अवधि बढ़ा दी है। उनकी संविदा अवधि 4 मार्च को खत्म हो गई थी। अब उन्हें एक साल के लिए संविदा पर अतिरिक्त सेवा अवधि के लिए नियुक्त किया है। वे मुख्य सचिव दफ्तर में सेवा देंगे।
मंत्री पंवार के विशेष सहायक बने अभिषेक चौरसिया
सामान्य प्रशासन विभाग ने एक आदेश जारी कर मछुआ कल्याण विभाग के मंत्री नारायण सिंह पंवार के विशेष सहायक के रूप में बैतूल में पदस्थ संयुक्त कलेक्टर अभिषेक चौरसिया की पदस्थापना की है। चौरसिया पंवार के विशेष सहायक के रूप में जल्द सेवाएं शुरू करेंगे।

