खंडवा। जिले में बीते 25 सालों से फरारी काट रहे लूट के एक आरोपी को गुजरात से आई क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा है। आरोपी पहचान छिपा कर यहां के हरसूद थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी की खरीदी-बिक्री सहित दलाली और सहकारी जैसे कई कामों को अंजाम दे रहा था, जिसकी भनक लगते ही गुजरात पुलिस ने हरसूद पुलिस की मदद से उसे धरदबोचा। बताया जा रहा है कि आरोपी कट्टर हिंदू संगठन बजरंग दल का शहर अध्यक्ष रहते हुए जिले के बड़े नेताओं से लगातार संपर्क में रहता था। इसकी धौंस भी वह बड़े अफसरों पर जमाया करता था, तो वहीं आरोपी ने चौकन्ना रहने के लिए अपने घर के भीतर तक सीसीटीवी कैमरे लगाकर रखे थे।
खंडवा जिले के हरसूद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले छनेरा के सड़ियापानी रोड पर रहने वाले डॉ. अजय पटेल को गुजरात से आई क्राइम ब्रांच की टीम ने लूट के एक मामले में गिरफ्तार किया है। स्थानीय पुलिस के अनुसार गुजरात के अहमदाबाद से आई क्राइम ब्रांच की एक टीम ने 25 साल पुराने गुजरात के नवसारी जिले में दर्ज अपराध क्रमांक 164/1999 में आईपीसी की धारा 224 के तहत आरोपी पटेल को गिरफ्तार किया है तो वहीं गुजरात पुलिस ने बताया कि आरोपी का असली नाम मोतीलाल पिता हरिसिंह उर्फ हंसराज जाटव (बंजारा) है। वो यहां छनेरा में डॉ. अजय पटेल के नाम से रह रहा था। यहां बता दें कि डॉ. पटेल बजरंग दल हरसूद का शहर अध्यक्ष भी है। गुजरात पुलिस की दबिश के बाद हड़कंप मच गया है। क्योंकि डॉ. पटेल यहां साहुकारी के अलावा जमीन जायदाद के क्रय-विक्रय का काम करता था तो वहीं कट्टर हिंदूवादी छवि का नेता होने के चलते जिले के कांग्रेस और बीजेपी के कई बड़े नेताओं से इसके संबंध भी बताई जा रहे हैं। जिनका फायदा उठाते हुए यह बड़े अधिकारियों पर भी धौंस जमाने का काम करता था।
ये है पूरा मामला
गुजरात पुलिस के अनुसार मोतीलाल जाटव उर्फ डॉ. अजय पटेल और उनके दो साथियों ने गुजरात के नवसारी में एक लूट की वारदात को 1999 में अंजाम दिया। कुछ समय बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मोतीलाल बीमारी के बहाने नवसारी हॉस्पिटल में भर्ती हुआ। जहां से वह फरार हो गया था। मोतीलाल उर्फ डॉ. पटेल की फरारी के घटनाक्रम में गुजरात पुलिस के तीन पुलिसकर्मी निलंबित भी हुए। पिछले 25 सालों से गुजरात पुलिस मोतीलाल की तलाश कर रही थी। मोतीलाल मूलतः ग्राम भातपुरे तहसील शेरपुर जिला धुलिया (महाराष्ट्र) का निवासी है। नवसारी जिले में लूट के मामले में गुजरात पुलिस ने भादवि की धारा 398 का मामला दर्ज किया था। गुजरात पुलिस के क्राइम ब्रांच निरीक्षक केएस सिसौदिया ने बताया कि आरोपी ने 25 साल पहले गुजरात में एक लूट की वारदात को अंजाम दिया था, तब से वह फरार था। सूचना मिलने पर उसे क्राइम ब्रांच गुजरात की टीम ने हरसूद से गिरफ्तार किया है, वहां पर वह नाम बदलकर रह रहा था।

