भोपाल। गांधी नगर में स्थित चिल्ड्रन होप इंडिया (सीएचआई) गर्ल्स स्कूल में सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे अचानक 9वीं क्लास की छात्राएं खांसने लगीं। खांसी नहीं रुकने पर क्लास रूम को खाली कराया। 25 से 30 स्टूडेंट्स में से ज्यादातर बच्चों को विजयश्री हॉस्पिटल भेजा गया। फिलहाल अब सभी की स्थिति सामान्य है।
स्कूल की प्राचार्य प्रिया जैन शर्मा के मुताबिक, सोमवार सुबह स्कूल की बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर रूम नंबर 16 में क्लास चल रही थी। तभी स्टूडेंट्स ने खांसना शुरू कर दिया। 23 बच्चियों की तबीयत खराब हुई थी। हालांकि अस्पताल के डॉक्टर एसके शुक्ला का कहना है कि, 25 से 30 स्टूडेंट्स इलाज कराने पहुंची थी।
प्राचार्य प्रिया जैन शर्मा ने कहा, स्कूल रिहायशी कॉलोनियों के बीच स्थित है। कुछ दूरी पर कचरे का ढेर लगा था। इसी कचरे के ढेर में किसी ने आग लगा दी थी। इसके बाद धुआं निकलने से स्टूडेंट्स की सेहत बिगड़ने की संभावना है। जांच कराई जा रही है।