भोपाल। रायसेन जिला मुख्यालय के होमगार्ड मैदान में चल रहे स्वतंत्रता दिवस के आयोजन में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा प्रभुराम चौधरी का स्वास्थ बिगड़ गया। मैदान में परेड चल रही थी, वे मंच पर खड़े थे इसी दौरान उन्हें चक्कर आ गए। वे तुरंत कुर्सी पर बैठे जहां वे बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत रायसेन के जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद वे बेहतर इलाज कराने भोपाल चले गए। उधर नए जिले मऊगंज में ध्वजारोहण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम बेहोश हो गए।
स्वास्थ्य मंत्री को दो बार चक्कर आए
स्वास्थ्य मंत्री को दो बार चक्कर आए थे। उन्हें वहां मौजूद कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे और एसपी विकास कुमार सहवाल ने संभाला। उनको एम्बुलेंस तक ले जाते समय मंच पर लोगों में हलचल तेज हो गई। कई लोग घबरा गए। रायसेन जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल ओढ़ ने बताया कि मंत्री लंबे समय तक खड़े रहे। इससे उनका सिंकोप ब्लड सर्कुलेशन रुक गया। हार्ट तक ब्लड कम पहुंचने से यह स्थिति बनी और चक्कर आ गए। उनका बीपी और शुगर चेक किया गया, जो नॉर्मल था। अब वह स्वस्थ हैं।
विधानसभा अध्यक्ष का ब्लड प्रेशर हुआ लो, सुरक्षाकर्मियों ने संभाला
मध्यप्रदेश के 53वें नवगठित जिले मऊगंज में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम की तबीयत बिगड़ गई। वे डायस पर खडे़ होकर भाषण दे रहे थे, तभी घबराहट होने लगी। पास में खड़े सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और कुर्सी पर बैठा दिया।
निजी स्टाफ के मुताबिक मंच पर गर्मी और उमस के कारण थोड़ी दिक्कत हुई। लंबे समय तक खडे़ रहने और वीकनेस के चलते स्पीकर का ब्लड प्रेशर लो हो गया था। कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों ने उनका हेल्थ चेकअप किया। स्पीकर की स्थिति अब सामान्य है।