भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में टिकट को लेकर विरोध लगातार जारी है। विरोध और हंगामे के बीच पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने पीसीसी चीफ कमलनाथ से मुलाकात की। जहां उन्होंने करीब 1 घंटे तक मुलाकात की। सूत्र बताते हैं कि कमलनाथ ने कुछ टिकटों को लेकर अपनी नाराजगी जताई, जिस पर दिग्गी ने सफाई भी दी।
कांग्रेस में टिकट को लेकर मचे हंगामें के बीच पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सोमवार को कमलनाथ के बंगले पहुंचे। इस दौरान नाराज कार्यकर्ताओं ने दिग्गी की गाड़ी को घेर लिया। इसके बाद दिग्विजय बंगले के अंदर गए। जहां उन्होंने करीब 1 घंटे तक कमलनाथ से मुलाकात की।
सबको टिकट नहीं दे सकते- दिग्विजय सिंह
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि सत्य की विजय हो असत्य का नाश हो, जिसका पालन कभी बीजेपी ने नहीं किया। 1985 में मुझे पहली बार प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। सबसे खराब काम उम्मीदवारी चयन करना है। 4 हजार दावेदार थे, सब आकर कहते है 25 हजार से जीतूंगा। उन्होंने कहा कि सभी को टिकट नहीं दे सकते। उम्मीदवारों का नाराज होना स्वभाविक है।

