नई दिल्ली। दिल्ली में भाजपा के पार्टी मुख्यालय पर आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय चुनाव कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंचे हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत सहित कई राज्यों के सीएम इस बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए 100 से 120 सीटों पर कैंडिडेट घोषित किए जा सकते हैं। बैठक के दौरान नेताओं द्वारा 2014 के लोकसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हारी हुई सीटों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि आज जो लिस्ट जारी होगी उसमें PM मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के नाम हो सकते हैं।
सबसे ज्यादा महिला प्रत्याशी उतारने की तैयारी
लोकसभा चुनाव में भाजपा सबसे ज्यादा महिला प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। बुधवार को पार्टी के कोर ग्रुप में इस पर भी सहमति बनी। बैठक में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी सहित रिकॉर्ड संख्या में महिलाओं को कहां से उतारा जाए, इस पर भी
मंथन हुआ।
एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इस बार महिला प्रत्याशियों की संख्या पिछले बार से 33% ज्यादा होगी। 2019 में 53 महिलाएं भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव में उतरी थीं। 33% ज्यादा के हिसाब से 70 महिलाओं को टिकट मिल सकता है। इससे पहले कोर ग्रुप की बैठक में 23 राज्यों के संभावित प्रत्याशियों की सूची रखी गई। नए चेहरों पर भी चर्चा हुई।