भोपाल। भारतीय प्रशासनिक सेवा में 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केंद्र में सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के सचिव अनुराग जैन का नाम मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव बनने की दौड़ में फिर शामिल हो गया है। सूत्र बताते हैं कि उन्होंने एमपी का मुख्य सचिव बनने के लिए हामी भर दी है।
अनुराग जैन आज भोपाल में है। माना जा रहा है कि उनकी यह यात्रा इसी मकसद से जुड़ी हुई हो सकती है। हालांकि वे आज नेशनल हाईवे पर एक कार्य का निरीक्षण करने भी गए थे।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वे आज भोपाल में प्रमुख लोगों से मिल सकते हैं। बता दे कि गत दिनों मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जब दिल्ली यात्रा पर थे तो अनुराग जैन की मुलाकात उनसे हुई है। तब से ही यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वे मध्य प्रदेश के अगले मुख्य सचिव हो सकते हैं।

