Mumbai।कॉरपोरेट अफेयर्स मिनिस्ट्री अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के खातों की जांच कर रही है। न्यूज एजेंसी रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक कॉरपोरेट मामलों का मंत्रालय मुंबई में अदाणी ग्रुप के दो एयरपोर्ट के खाते चेक कर रहा है। इससे पहले फरवरी में भी कॉरपोरेट अफेयर्स मिनिस्ट्री ने अदाणी ग्रुप के फाइनेंशियल स्टेटमेंट्स की जांच शुरू की थी।
शेयर बाजार को भेजी जानकारी में अडानी एंटरप्राइजेस ने कहा कि अडानी एंटरप्राइजेस की स्टेप डाउन सब्सिडियरी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स के रीजनल डायरेक्टर हैदराबाद से 6 अक्टूबर को (12 अक्टूबर को प्राप्त हुआ) एक पत्र मिला है। इसमें बुक ऑफ अकाउंट और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू किए जाने की बात कही गई है।
कंपनी के मुताबिक एमआईएएल और एनएमआईएएल का अधिग्रहण 2021-22 में किया गया था। मंत्रालय के द्वारा जो भी जानकारी या दस्तावेज मांगे गए हैं उसमें से अधिकांश इससे पहले की अवधि यानि 2017-18 से 2021-22 की अवधि के बीच के हैं। कंपनी नियमों के अनुसार इनका जवाब दे रही है।
सेबी भी कर रही है जांच
अडानी ग्रुप फिलहाल हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद उठे आरोपों में कई जांच का सामना कर रहा है। सेबी भी मामले में जांच कर रही है। हाल में आई रॉयटर्स की सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि सेबी अडानी ग्रुप और गल्फ एशिया ट्रेड एंड इनवेस्टमेंट के बीच संबंधों की जांच कर रही है। जनवरी में आई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि ऑफशोर शैल कंपनियों के जरिए शेयरों के मूल्यों को प्रभावित किया गया है। वहीं खबरें हैं कि गल्फ एशिया ने भी ग्रुप की कंपनियों में निवेश किया है। अब सेबी जांच रही है कि क्या इस फंड के जरिए हुई किसी डील में शेयर ओनरशिप नियम का उल्लंघन तो नहीं किया जा रहा है। अडानी ग्रुप इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर चुका है और इन्हें बेबुनियाद बताया है।

