Wednesday, 4 February

श्योपुर । जिले की महिला तहसीलदार अमिता सिंह तोमर ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अधिकारियों पर अनदेखी करने के आरोप लगाकर अपने पद से इस्तीफा दिया। महिला तहसीलदार अमिता सिंह तोमर का आरोप है कि वह सीनियर तहसीलदार है। इसके बावजूद उन्हें पिछले 5 साल लूप लाइन में रखा जा रहा है।

पहले निर्वाचन शाखा और अब भू -अभिलेख में लगातार रखा जा रहा है। जबकि उनके जूनियर नायब तहसीलदारों और सहायक अधीक्षक भू अभिलेख को तहसीलदार का प्रभार दिया। ऐसी स्थिति में वह मानसिक रूप से परेशान हैं और खुद को अपमानित महसूस कर रही हैं। वहीं इस बारे में कलेक्टर ने कहा कि मुझे कोई इस्तीफा नहीं मिला है। अगर वह मुझे इस्तीफा देंगी तो भी मैं नहीं लूंगा।

नए कलेक्टर ने भी नहीं किया न्याय

उन्होंने नए कलेक्टर संजय कुमार के लिए लिखा है कि उन्हें नए कलेक्टर से उम्मीद थी कि वह उन्हें न्याय देंगे, लेकिन अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के बहकावे में आने की वजह से उन्होंने भी उन्हें न्याय नहीं दिया। इससे वह खुद को अपमानित महसूस कर रही हैं। इसे लेकर उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया है।

बता दें कि शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश में नायब तहसीलदारों को तहसीलदार का प्रभार दिया गया। तहसीलदार अमिता सिंह तोमर सीनियर तहसीलदार हैं। वर्तमान में वह भू अधीक्षक के पद पर कार्य कर रही हैं।

केबीसी में जीते थे लाखों रुपए

अमिता सिंह तोमर कौन बनेगा करोड़पति में लाखों रुपए जीतकर पहले चर्चाओं में रह चुकी हैं। बीच में उन्होंने राजनीतिक बयान भी दिए थे, जिन्हें लेकर उन पर पूर्व में करवाई भी हुई थी। तहसीलदार अमिता सिंह तोमर का कहना है कि सीनियर होते हुए भी उनकी अनदेखी की जा रही है, इससे वह बेहद परेशान है।

Share.
Exit mobile version