कटनी जिले में जमीन के सीमांकन के नाम पर रिश्वत मांगने वाले एक पटवारी को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पर सीमांकन की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
लोकायुक्त निरीक्षक राहुल गजभिए ने बताया कि कोडिया गांव निवासी शिवकुमार जायसवाल ने अपनी पत्नी देववती के नाम पर एक एकड़ 80 डिसमिल भूमि खरीदी थी। इस जमीन के सीमांकन के लिए संबंधित पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा द्वारा उनसे 5 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
एसपी लोकायुक्त से की गई शिकायत
रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिवकुमार जायसवाल ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर अंजुलता पटले से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त की ओर से मामले का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि पटवारी सीमांकन के बदले रिश्वत लेने के लिए तैयार था।
सत्यापन के बाद लोकायुक्त की टीम को कार्रवाई के लिए कटनी भेजा गया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई।
रिश्वत लेते ही टीम ने दबोचा
मंगलवार दोपहर पीड़ित शिवकुमार जायसवाल ने तय योजना के तहत बहोरीबंद रोड स्थित पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा के निजी कार्यालय पहुंचकर 5 हजार रुपये की रिश्वत की राशि सौंपी। जैसे ही पटवारी ने पैसे लिए और पीड़ित कार्यालय से बाहर निकला, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत की अपील
लोकायुक्त विभाग समय-समय पर नागरिकों से अपील करता रहा है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी सूचना संबंधित लोकायुक्त कार्यालय को दें। शिकायतकर्ता की जानकारी गोपनीय रखी जाती है और सत्यापन के बाद कानूनी कार्रवाई की जाती है।
