भोपाल। कांग्रेस से टिकट मांग रही प्रदेश महामंत्री और होशंगाबाद की पूर्व विधायक श्रीमती सविता दीवान शर्मा ने आज केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेद्र सिंह तोमर के समक्ष बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। वो सोहागपुर से टिकट मांग रही थीं।
इस अवसर पर मप्र पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोटिया, नर्मदापुरम जिले के पार्टी अध्यक्ष माधव अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा परिवार में दिन प्रतिदिन नया आयाम जुड़ रहा है। श्रीमती सविता दीवान शर्मा राजनीतिक परिवार से हैं। उनके पिताजी तीन बार विधायक रहे हैं। सविता जी जब विधायक थीं, तब मैं भी मध्यप्रदेश विधानसभा का सदस्य रहा हूं। मैंने सविता जी को सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों भूमिका में देखा है। सविता जी कांग्रेस की रीतियों और नीतियों से निराश होकर और भारतीय जनता पार्टी की रीतियों व नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुई हैं। वे एक अच्छी वक्ता हैं। भारतीय जनता पार्टी को श्रीमती सविता जी के अनुभवों का लाभ मिलेगा।
कांग्रेस पहले जैसी नहीं रही
भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पूर्व विधायक श्रीमती सविता दीवान शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब पहले जैसी पार्टी नहीं रही। भाजपा पार्टी में आकर बहुत प्रसन्नता हो रही है। 30 वर्षों के मेरे राजनीतिक जीवन में 20 वर्षों तक मैंने कांग्रेस संगठन में कार्य किया है। कांग्रेस संगठन पहले जैसा नहीं रहा। अब कांग्रेस पार्टी में निष्ठावान कार्यकर्ताओं की जगह नहीं है। कांग्रेस पार्टी अब जनता की हितैषी पार्टी भी नहीं रही।
