भोपाल मध्यप्रदेश में नई सरकार के गठन से पहले मौजूदा सरकार एक बार फिर कर्ज लेने की तैयारी में है। सरकार 28 नवंबर को दो हजार करोड़ रुपए का कर्ज उठाएगी। इसके पहले आचार संहिता लागू रहने के दौरान भी सरकार बाजार से कर्ज ले चुकी है। इस साल जनवरी से अब तक 38,500 करोड़ रुपए का कर्ज लिया जा चुका है।
मतदान और कांग्रेस के चुनावी मुद्दा बनाए जाने के चलते राज्य सरकार ने नवंबर महीने में कर्ज नहीं लिया था। इस महीने का यह पहला कर्ज होगा। वित्त विभाग ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 28 नवंबर को लिया जाने वाला कर्ज RBI (रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) से 14 साल के लिए लिया जा रहा है।
माना जा रहा है कि नई सरकार के गठन की व्यवस्थाओं के साथ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के भुगतान के लिए यह कर्ज लिया जा रहा है। दिसंबर में भी सरकार जल्द ही योजना की राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर कर सकती है।
9 अक्टूबर को मध्यप्रदेश में चुनावी आचार संहिता लागू हुई थी। इसके बाद सरकार ने अक्टूबर महीने में ही तीन बार में 4 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया है।
