भोपाल। लोकायुक्त की टीम ने स्वास्थ्य विभाग के रिटायर्ड स्टोर कीपर के भोपाल और विदिशा के लटेरी में एक साथ छापा मारा। ये कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की गई। अब तक की जांच में भोपाल के ग्रीन वैली स्थित मकान से नोटों से भरा बैग मिला। नोट गिनने के लिए मशीन बुलवानी पड़ी। कुल 21 लाख कैश बरामद किया गया। वहीं 45 लाख रुपए का गोल्ड भी मिला है। लोकायुक्त के मुताबिक अब तक की जांच में दोनों जगह से 10 करोड़ से ज्यादा संपत्तियां मिली है।
दरअसल, अशफाक अली राजगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग में स्टोर कीपर के पद पर पदस्थ थे। 2021 में वे रिटायर्ड हो गए है। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की लोकायुक्त में शिकायत हुई थी, जिसके बाद लोकायुक्त की टीम ने अशफाक अली के भोपाल एयरपोर्ट रोड पर कॉलोनी में मकान, भोपाल में दूसरे मकान और लटेरी के ठिकानों पर एक साथ छापामार कार्रवाई शुरू की हैं। लोकायुक्त की टीम अशफाक अली की 50 से ज्यादा चल-अचल संपत्ति की जांच कर रही हैं।
45 हजार सैलरी, ठाठ देखकर लोकायुक्त टीम भी हैरान
रिटायर्ड स्टोर कीपर अशफाक अली के भोपाल स्थित घर का इंटीरियर फाइव स्टार होटल जैसा है। इसकी कीमत दो करोड़ रुपए आंकी गई है। 45 हजार रुपए की सैलरी पर रिटायर्ड हुए स्टोर कीपर का ठाठ मुकेश अंबानी जैसा है। इसे देखकर लोकायुक्त की टीम भी हैरान है।
परिवार के सदस्यों के नाम पर कई अचल संपत्तियां खरीदी
भोपाल के ग्रीन वेली कॉलोनी में बने घर पर जांच के दौरान काफी मात्रा में नकदी प्राप्त हुई है। इसे मशीन से गिनना पड़ा परिवार के सदस्यों के नाम पर 16 से अधिक अचल संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। लगभग 50 से अधिक अचल संपत्तियों को लेकर भोपाल और लटेरी में जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में अशफाक अली, उनके बेटे जीशान अली, शारिक अली, बेटी हिना कौसर और पत्नी राशिदा बी के नाम पर 16 अचल संपत्तियां खरीदने के कागजात मिले है, जिनकी कीमत करोड़ों रुपए है।
विदिशा में अभी तक इतनी संपति मिली
अभी तक की कार्रवाई में विदिशा के लटेरी में चार भवन की जानकारी मिली है। जिसमें आनंदपुर रोड पर एक 14000 स्क्वायर फीट पर निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और लगभग 1 एकड़ जमीन पर करीब 2500 वर्ग फीट का आलीशान मकान और लटेरी में ही मुस्ताक मंजिल नाम से एक तीन मंजिला भवन भी बनवाया गया है, जिसमें प्राइवेट स्कूल किराए पर चल रहा है।
लोकायुक्त DSP बोले- सारे विभागों ने जुटा रहे जानकारी
लोकायुक्त डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि रिटायर्ड स्टोर कीपर अशफाक खान भोपाल में रहते हैं। इनका एक मकान लटेरी में भी है। इनके ऊपर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया है। तलाशी के दौरान काफी संपत्ति के ऐसे दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक भोपाल और लटेरी में कुल 10 करोड़ की संपत्ति मिली है।