नई दिल्ली। राहुल गांधी रविवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा छोड़कर अचानक दिल्ली रवाना हो गए। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची के मंथन के लिए वह दिल्ली गए हैं। कांग्रेस के 39 कैंडिडेट की पहली सूची 8 मार्च को आई थी।
गुजरात में राहुल की यात्रा का आखिरी दिन था। उन्हें बारडोली से सोनगढ़ जाना था, लेकिन वहां का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। अब आगे की यात्रा मंगलवार को महाराष्ट्र के नंदूरबार से शुरू होगी।
गुजरात में यात्रा का आज चौथा दिन था। यात्रा सुबह सूरत के मांडवी से बारडोली पहुंची थी। राहुल गांधी ने यहां स्थित ऐतिहासिक स्वराज आश्रम का दौरा किया। इस दौरान फिल्म अभिनेता और कांग्रेस नेता राज बब्बर, जयराम रमेश, शक्ति सिंह गोहिल, अमित चावड़ा समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
सरदार पटेल ने की थी आश्रम की स्थापना
इस आश्रम की स्थापना 1922 में वल्लभभाई पटेल ने की थी और 1928 में उन्होंने यहीं से बारडोली सत्याग्रह का नेतृत्व किया था। इसी सत्याग्राह के बाद उन्हें सरदार पटेल की उपाधि मिली थी।
