Friday, 10 April

भोपाल। क्या शिवराज सिंह चौहान को छिंदवाड़ा में कांग्रेस नेता पूर्व CM कमलनाथ के सामने मैदान में उतारा जा सकता है? या फिर उनकी पारंपरिक लोकसभा सीट विदिशा से मैदान में उतारा जा सकता हैं?

 मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने से पहले साल 2006 के पहले विदिशा से सांसद रह चुके शिवराज सिंह चौहान की लगातार बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकातों को लेकर चर्चाओं का बाजार तेज हो गया है। असल में पिछले 20 साल में केंद्रीय नेतृत्व के साथ मध्य प्रदेश के नेताओं की उतनी मुलाकातें नहीं हुईं, जितनी पिछले दो महीने में हो गई हैं। ‘मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा’ बयान देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिछले डेढ़ महीने में तीन बार दिल्ली हो आए हैं। इतना ही नहीं, मध्य प्रदेश के नए नवेले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी 3 दिसंबर 2023 को चुनाव परिणाम आने के बाद 7 से 8 बार दिल्ली का सफर कर चुके हैं।

एक फरवरी को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच हुई मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। शिवराज ने भले ही अपने सोशल मीडिया हैंडल में इसे सौजन्य भेंट बताई हो, लेकिन यह मुलाकात सिर्फ सौजन्य तक सीमित नहीं है। दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक चर्चा चली। यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि अगले 1 से 2 महीने में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

विधानसभा चुनाव के बाद शिवराज सिंह चौहान को राज्य में कोई बड़ा पद न देने के बाद, उनके लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। शिवराज और जेपी नड्डा के बीच की मुलाकात इसलिए भी काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि 2 दिन पहले ही 29 जनवरी को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव दिल्ली जाकर जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से मिले थे। उसके दो दिन बाद शिवराज की दिल्ली यात्रा एक अलग संदेश दे रहे हैं।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में साल 2023 के आखिरी में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार की वापसी में सफल रही है, लेकिन पिछले 17 वर्षों से मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान को हटाकर डॉ मोहन यादव मुख्यमंत्री बना दिया गया। इसके बाद पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान हासिए पर चले गए। उन्हें विकसित भारत संकल्प यात्रा के लिए दक्षिण भारतीय राज्य केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना भेजा गया।

Share.
Exit mobile version