भोपाल। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक एवं मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया का दावा है कि यदि बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व चाहेगा तो मध्यप्रदेश के अगले मुख्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी हो सकते हैं। ये बात और है कि खुद सिसोदिया को अभी तक बीजेपी का टिकट नहीं मिल सका है।
वे कहते हैं, बमोरी विधानसभा सीट से मैं चुनकर आता हूं और इस सीट को लेकर अभी पार्टी के अंदर चर्चा नहीं हुई है. अभी तक पार्टी ने गुना, शिवपुरी सहित दूसरी जितनी भी सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए, वे हारी हुई सीटें थी. जिन पर कांग्रेस का कब्जा था. लेकिन अब पार्टी ने चौथी सूची से जीती हुई सीटों पर टिकट देने का फैसला किया है. मेरा मानना है कि पार्टी अगली सूची में बमोरी विधानसभा पर उम्मीदवार तय होगा।
सिसोदिया का कहना है, यदि बीजेपी का हाईकमान चाहेगा तो मुझे टिकट मिलेगा. यदि उनको मेरी उपयोगिता कहीं ओर महसूस होती है और टिकट नहीं देते हैं तो भी मैं पार्टी के सिपाही के तौर पर हर जिम्मेदारी का निर्वहन करूंगा।
एक सवाल के जवाब में सिसोदिया दावा करते हैं कि बीजेपी 101 प्रतिशत यह विधानसभा चुनाव जीत रही है. मेरे हिसाब से बीजेपी को 120 से 140 के बीच सीटें मिलना चाहिए।
सिसोदिया के अनुसार, सिंधिया जी का मानना है कि बीजेपी जो जिम्मेदारी उनको देगी, वो उसको निभाएंगे। यदि पार्टी हाईकमान निर्णय लेता है तो निश्चित रूप से वे चुनाव लड़ेंगे। यदि पार्टी निर्णय लेगी तो निश्चित रूप से उनको फैसला स्वीकार करना पड़ेगा. उनके पास एक करिश्माई नेतृत्व है. मध्यप्रदेश का युवा उनकी तरफ देख रहा हैं. ऐसे में यदि पार्टी फैसला करती है तो जरूर महाराज सिंधिया मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
