रतलाम। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को रतलाम में कहा कि संघर्ष के दौरान में पार्टी में पद-प्रतिष्ठा और मान-सम्मान पाने वाले लोग पीछे हटते जा रहे हैं, लेकिन हमारे लिए सम्मानित वो लोग हैं, जो छोटे से व्यवसाय के साथ-साथ निडर होकर कांग्रेस की विचारधारा के लिए डटे हैं।
पीसीसी चीफ आगामी 6 मार्च को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारियों, रूट और अन्य व्यवस्थाएं देखने के लिए रतलाम आए थे। यहां उन्होंने यात्रा को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा की।
कांग्रेसियों के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर पटवारी ने कहा कि जिन लोगों को अवैध धंधे करना है, वह बीजेपी में शामिल हो रहा है। जिन लोगों को रॉयल्टी नहीं चुकाना है, बिना परमिट बसें चलाना है, वह दलबदल रहे हैं।
भाजपा ने चालू की नई परंपरा- PCC चीफ
पटवारी ने कहा- भारतीय जनता पार्टी ने नई परंपरा शुरू की है। जो क्रेशर चलाता है, रॉयल्टी नहीं देना चाहता, करप्शन करना चाहता है, उससे बात करो। उसे पार्टी में लेकर आ जाओ। गुना में जो बस हादसा हुआ है, वह भी बीजेपी के नेता की होकर बिना परमिट की थी।
दो महीने में 15 हजार करोड़ का कर्ज – पटवारी
पटवारी ने कहा कि डॉ. मोहन यादव मोहन की सरकार ने पिछले दो महीने में 15 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया है। करोड़ों रुपए इसका ब्याज चुकाना पड़ रहा है। 30 साल में जितना क्राइम का ग्राफ नहीं रहा, उतना दो महीने में बढ़ा है।
भाजपा की 5 गारंटी कहां गई
पटवारी ने कहा कि भाजपा ने पांच गारंटी दी थीं। किसानों की आमदनी, 2700 रुपए गेहूं व 3100 रुपए धान के दाम। 450 रुपए में गैस सिलेंडर, 2 लाख नौकरियां और 3 हजार रुपए महिलाओं को देने का वादा मामा शिवराज ने किया था। मैं कहता रहा हूं शिवराज मामा बेरोजगारी व झूठ के मामा थे।
उनकी जगह मोहन काका को बना दिया। मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति ऐसी हो गई है कि लगभग दो लाख करोड़ के बजट में 40 हजार करोड़ रुपए सिर्फ ब्याज व देनदारियां देने में रहती हैं।
24 फरवरी से करेंगे प्रदर्शन
पीसीसी अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस राम यात्रा निकालेगी। मोदी जी धार्मिक व प्रवचन की बातें बंद करें। मोदी गांरटी की बात पूर्ण करें। घोषणा पत्र में जो बातें कहीं, वह पूरी करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि 24 फरवरी को ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। गेहूं के दाम 2700 रुपए किए जाएं। इसके बाद 29 फरवरी को जिलास्तर पर प्रदर्शन होगा। 8 मार्च को प्रदेशभर में जहां-जहां खरीदी हो रही, वहां मंडी में किसानों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
