Saturday, 11 April

भोपाल। कोलार क्षेत्र में लाल निशान के बाद नीले निशान से दहशत का माहौल बना है। घर और दुकानों के बाहर लगे इन नीले निशान को देखकर हर कोई खौफ और डर में है। दरअसल कोलार सिक्स लेन रोड की जद में आ रहे कई निर्माणों को तोड़ा जाना है। एक साल पहले इन्हें चिंह्नित कर यहां लाल निशान लगाए गए थे। अब एक बार फिर यहां नीले निशान लगाए जा रहे हैं। घर और दुकान के बाहर लगाए जा रहे इन नीले निशानों ने यहां के रहवासी और कारोबारियों को टेंशन में ला दिया है। 

पीडब्ल्यूडी की टीम ने बीमाकुंज से लेकर अनुपम अस्पताल और अनुपम अस्पताल से लेकर ललिता नगर तक दर्जनों मकान, दुकान और व्यावसायिक संस्थानों पर नीले निशान लगाने का काम किया है। एक साइड की रोड का काम लगभग पूरा हो गया है। अब दूसरी साइड का काम किया जाना है। ऐसे में अतिक्रमण हटाने के लिए ये निशान लगाए जा रहे हैं। 

कलेक्टर के दौरे के बाद आई तेजी

बता दें, कलेक्टर आशीष सिंह ने शुक्रवार को कोलार सिक्स लेन रोड के निर्माण कार्य का मुआयना किया था। उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए थे। उनके इस दौरे के बाद से ही यहां पर काम में गति देखने को मिल रही है। पीडब्ल्यूडी विभाग हरकत में आ गया है। विभाग ने ही कलेक्टर को यह जानकारी दी थी कि अवैध अतिक्रमण न हटाए जाने के कारण ही काम अपनी रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है।

तनाव में लोग 

इधर, लोगों के चेहरे पर तनाव देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा बिना नोटिस के इस तरह संपत्तियों पर नीले निशान लगाना गलत है, इससे लोग भयभीत हो रहे हैं। एक साल पहले भी ऐसे ही बिना किसी जानकारी के लोगों के घर और दुकानों के बाहर लाल निशान लगा दिए गए थे। वहीं, लोक निर्माण विभाग इसे रूटीन कार्रवाई बता रहा है, विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हम अपना काम कर रहे हैं आगे अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम और प्रशासन कार्रवाई करेगा।

Share.
Exit mobile version