भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने 18 आईएएस अफसरों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। आईएएस मनु श्रीवास्तव राजस्व मंडल के अध्यक्ष थे, जिन्हें ऊर्जा विभाग का एसीएस बनाया गया है। इसी तरह जिन 17 अन्य अफसरों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी हुए हैं, उनमें से अधिकांश के पास औपचारिक तौर पर कोई काम नहीं था। शाजापुर से हटाए गए कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल को वन विभाग में उप सचिव बनाया गया है। इसी तरह शिवराज सिंह चौहान सरकार में ताकतवर भूमिका में रहे नीरज कुमार वशिष्ठ को विमुक्त घुमन्तु एवं अर्धघुमंतु जनजाति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
पीएचई विभाग में प्रमुख संजय कुमार शुक्ला को राज्यपाल का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसी तरह मनीष रस्तोगी को जेल विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके पहले उनके पास कोई विभाग नहीं था। राज्यपाल के प्रमुख सचिव डीपी आहूजा को लोक निर्माण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके साथ-साथ जनसंपर्क आयुक्त रहे मनीष सिंह को मध्य प्रदेश राज्य उपभोक्ता प्रतितोषण आयोग का रजिस्ट्रार बनाया गया है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का प्रमुख सचिव, दिव्यांगजन सशक्तिकरण आयुक्त ई रमेश कुमार को जनजातीय कार्य विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
निशांत वरवड़े को उच्च शिक्षा आयुक्त बनाया गया है। इसी तरह आदिवासी विकास आयुक्त संजीव सिंह को एप्को में कार्यपालन संचालक, महिला एवं बाल विकास आयुक्त रामराव भोंसले को सामाजिक न्याय विभाग में आयुक्त बनाया गया है। हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम की एमडी सूफिया फारुकी वली को महिला एवं बाल विकास विभाग में आयुक्त नियुक्त किया गया है।
अपर सचिव तरूण राठी को जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान (वाल्मी) का संचालक, सौरव कुमार सुमन को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का आयुक्त, वन विभाग के अपर सचिव मोहित बुंदस को हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम का एमडी, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण की संचालक निधि निवेदिता को महिला वित्त एवं विकास निगम की प्रबंध संचालक, सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव कुमार पुरुषोत्तम को पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का उप सचिव बनाया गया है।
