Sunday, 12 April

नरसिंहपुर में ‘हर हर नर्मदे’ के नारे के साथ ‘एमपी के मन में मोदी’ के नारे भी लग रहे हैं। बरमान के शगुन घाट में नाविक-मांझी संवाद में बोले प्रहलाद, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव भी पहुंचे, दोनों ने घाट पर ही गुजारी रात,

नरसिंहपुर:। मां नर्मदा के किनारे किसी को ये चिंता करने की आवश्यकता नहीं है कि जीविकोपार्जन कैसे होगा। सब कुछ स्वत:संपन्न होता है। हमारी संपूर्ण समृद्धि का प्रतीक हैं माई रेवा। हम दुनिया में कहीं भी हों, लेकिन हम सदैव ही मां नर्मदा की शरण में ही रहते हैं। ये बात केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण एवं जलशक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने बरमान के शगुन घाट में नाविक-मांझी संवाद के दौरान कही। श्री पटेल ने कहा कि वे कहीं भी रहे, लेकिन मां रेवा सदैव उनकी प्रार्थना में समाहित रहती हैं। कार्यक्रम में केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने भी शिरकत की। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने शगुन घाट पर ही रात बिताई और सुबह तक साथ रहे।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को भाया नर्मदा तट

केंद्रीय मंत्री व प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव नरसिंहपुर विधानसभा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के समर्थन में नरसिंहपुर नर्मदा तट के सगुन घाट पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने मल्लाह समुदाय के लोगों से मिले और बातचीत की। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित लाडली बहन योजना की महिला लाभार्थियों से भी मुलाकात की।श्री यादव ने अपने एक्स ट्विटर मे लिखा कि माँ नर्मदा के निकट स्थित जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देखने का अवसर मिला। भजन-कीर्तन और लोकगीतों ने शाम को जीवंत बना दिया गया। ग्रामीणों ने बहुत दयालुता और प्यार से हमें भोजन परोसा और रात के लिए हमारी मेजबानी की। साथ ही रात्रि विश्राम के बाद सुबह, मैंने पृथ्वी की सबसे प्राचीन नदियों में से एक, माँ नर्मदा के सामने प्रार्थना की। सदियों से, नर्मदा ने मध्य प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक जीवन को कायम रखा है। नर्मदा वास्तव में राज्य की जीवन रेखा है और यही कारण है कि पूरे राज्य में ‘हर हर नर्मदे’ के मंत्र गूंजते हैं।

जब मैंने मांगी भिक्षा

श्री पटेल ने बताया कि जब वे नर्मदा परिक्रमा पर निकले तो उन्हें ये अनुभव हुआ कि नर्मदा किनारे के लोग अपने लिये रखा हुआ भोजन भी नर्मदा परिक्रमावासियों को देकर बेहद संतुष्ट होते हैं। ये जीवन की अलग अनुभूति है,जो हमेशा जीवंत रहती है। उन्होंने कहा कि नाविक और मांझी बंधुओं का सौभाग्य है कि वे अपने जीवन का अधिकाधिक समय मां नर्मदा के आंचल में व्यतीत करते हैं।

सत्ता के लोभ में कांग्रेस बनी ओबीसी की समर्थक

शगुन घाट में मीडिया ये रूबरू होते हुये केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस आज सिर्फ इसलिये ओबीसी की हिमायती बनने का ढोंग कर रही है ताकि भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के लिये एक बार फिर से वो सत्ता पा सके, लेकिन अब देश की जनता कांग्रेस के पाखंड को जान-समझ चुकी है। श्री यादव ने जातीय जनगणना के प्रश्न पर कहा कि कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जातीय जनगणना के खिलाफ थे, लेकिन मात्र सत्ता के लिये उनके सुपुत्र राहुल गांधी जातीय जनगणना के पक्षधर बने हुये हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के बाद ही देशहित के मुद्दे वास्तविक तरीके से उठाए गये हैं और सभी को समान अधिकार मिले हैं। यही सब देखकर कांग्रेस का अस्तित्व संकट में आ गया है। श्री यादव ने कहा कि हम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करते हैं इसलिए पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव मैदान में उतर चुके हैं। प्रियंका गांधी द्वारा प्रलोभन दिए जाने पर भूपेंद्र यादव बोले कि जनता झांसे में आने वाली नहीं है।

हमारी जिंदगी भी आप जैसी है…

शगुन घाट की रात यादगार बन गयी। दो केंद्रीय मंत्रियों ने किसी आम आदमी जैसी जिंदगी को जिया। पहले तो बच्चों से मिले, उनसे खूब बातें कीं। एक बिटिया का जन्म दिन था तो उसके लिए केक मंगवाया गया और केक काटकर जन्मदिन की खुशी मनाई गयी। इसके बाद बच्चों के मासूम सवालों का यथाशक्ति जवाब दिया गया। रात हुई तो सबके साथ जमीन पर बैठकर ठेठ पारंपरिक भोजन गक्कड़-भर्ता ग्रहण किया और घाट पर ही एक खपरैल मकान में रात्रि विश्राम किए। जब सुबह हुई तो दोनों मंत्रियों ने मां नर्मदा के घाट पर स्नान किया और माता का पूजन-अर्चन किया गया। सुबह घाट पर जो लोग पहुंचे तो वे देखकर चौंक गये कि,ये विशिष्ट व्यक्ति सुबह-सुबह घाट पर हैं। इसके बाद लोगों ने श्री पटेल एवं श्री यादव के पास आ गए और बातचीत का सिलसिला प्रारंभ हो गया।

चेहरे से नहीं चरित्र से पहचाने जाओ

इसी क्रम में, केन्द्रीय मंत्री श्री पटेल ने नरसिंहपुर के भाजपा कार्यालय में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं एवं इसके बाद करेली स्थित डीएम पैलेस में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि हम सब भारतीय जनता पार्टी हैं, कुछ भी व्यक्तिगत नहीं है और कुछ भी अलग नहीं है। हम अपने चरित्र से पहचान बनाने की ओर आगे बढ़ें, चेहरे की पहचान से ज्यादा सशक्त है हमारे आचरण की प्रामाणिकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कुछ अनुभव और कुछ उदाहरणों से स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी वास्तविक अर्थों में राजनीतिक व सामाजिक निष्ठाओं को पूर्ण करने का भाव रखती है। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने की ललक और महत्वाकांक्षा के शुभ संकेत हैं,लेकिन ऐसा करते हुये सैद्धांतिक अवमूल्यन नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम में श्री पटेल ने वरिष्ठों से निजी तौर पर मुलाकात की और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की। इसी क्रम में डीएम पैलेस में ही भव्य स्वागत किया गया।

Share.
Exit mobile version