Friday, 10 April

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पीसीसी चीफ के पद से हटाए जाने के बाद से कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ के भाजपा ज्वाइन करने की अटकलें तेज हो गई हैं।आज छिंदवाड़ा में कमलनाथ ने अपने सारे कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। उनके दिल्ली जाने की चर्चा है। दावा किया जा रहा है कि कमलनाथ परसों कांग्रेस छोड़ सकते हैं, लेकिन इस बीच ये चर्चा भी चल रही है कि ये सब कांग्रेस हाई कमान पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। 

प्रदेश में लगातार कमलनाथ के भाजपा में जाने की चर्चा है। उनके दौरे में कोई भी ऐसा बयान सामने नहीं आया जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाया गया हो। भाजपा द्वारा भी कमलनाथ और नकुलनाथ को लेकर कोई बयानबाजी नहीं की जा रही है। इन सब बातों के बीच कमलनाथ की भाजपा में जॉइनिंग की अटकलों का बल मिल रहा है। 

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यालय द्वारा वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से फीडबैक लिया जा रहा है कि कांग्रेस को लेकर लोकसभा चुनाव से पहले जिले में क्या रुझान है। फिलहाल सारे मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

इधर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के बाद अब प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कमलनाथ को बीजेपी में आने का न्योता दिया है।मीडिया ने जब वीडी शर्मा से पूछा कि क्या कमलनाथ बीजेपी में आ रहे हैं? जवाब में उन्होंने कहा- यह बात तो कमलनाथ ही क्लियर कर पाएंगे। लेकिन, जो लोग देश की सेवा करना चाहते हैं, भाजपा के दरवाजे उनके लिए खुले हैं।वीडी शर्मा ने ये भी कहा कि जब भी कुछ फैसला लिया जाएगा, सभी को सूचित कर ही दिया जाएगा।

Share.
Exit mobile version