Wednesday, 1 April

उज्जैन। उज्जैन जिले में लहसुन फसल की रखवाली कर रहे किसान की हत्या कर दी गई। किसान का शव मंगलवार सुबह खेत में खाट पर मिला। घटना बड़नगर के भाटपचलाना के बालोदा लक्खा गांव की है। इस।मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीएम से सवाल पूछा है कि उज्जैन में ही इतने अपराध क्यों हो रहे हैं? 

किसान किशन सिंह चावड़ा (50) घर से 1 किलोमीटर दूर खेत पर सोते थे। सुबह वे घर नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने खेत पर जाकर देखा। वे खाट पर पड़े थे। CSP नितेश भार्गव ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर रही है। आसपास के खेत के किसानों से भी पूछताछ की जा रही है।

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना पर कहा, ‘मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी, आप गृहमंत्री बनाम मुख्यमंत्री हैं। उज्जैन आपका गृह जिला है। सबसे ज्यादा अराजकता भी उज्जैन जिले में ही हो रही है, क्यों?’

उन्होंने X पर लिखा, ‘मध्यप्रदेश के लिए तो संभव नहीं हो पाएगा, आप एक काम कीजिए, उज्जैन में गंभीर होते अपराधों को नियंत्रित करने के लिए ही अगले 100 दिन की कार्ययोजना सामने रख दीजिए। अपने गृह जिले को तो इस बात का विश्वास दिला दीजिए कि उनके लोकप्रिय गृहमंत्री के नेतृत्व में आने वाले 100 दिन तक वे निश्चिंत होकर सुरक्षित महसूस कर सकते हैं।’

Share.
Exit mobile version