नर्मदापुरम। नर्मदापुरम नगर पालिका सीएमओ ने परिषद की बैठक में दुष्यंत कुमार की एक गजल पढ़ी, लेकिन उन्हें क्या पता था कि ये गजल उन्हें भारी पड़ सकती है। इसका वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर लगाया। भाजपा-कांग्रेस ने इसे राजनीतिक रंग दे दिया। कांग्रेस ने कहा, ‘यह तंज परिषद की मौजूदा वित्तीय हालात के लिए सरकार पर है।’ वहीं, भाजपा ने सीएमओ पर एक्शन लेने के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री को पत्र लिखा है।
बैठक गुरुवार को हुई थी। इसमें सीएमओ नवनीत पांडे ने दुष्यंत कुमार की गजल के दो मिसरे पढ़े, भूख है तो सब्र कर, रोटी नहीं तो क्या हुआ.. आजकल परिषद में है जेर-ए-बहस ये मुद्दआ। गिड़गिड़ाने का यहां कोई असर होता नहीं, पेट भरकर गालियां दो, आह भरकर बद्दुआ। इस गजल को व्यवस्था के खिलाफ मशहूर कवि दुष्यंत कुमार ने लिखा था। सीएमओ ने जिस जगह पर परिषद पढ़ा, वहां दुष्यंत ने दिल्ली लिखा है।
मामला तब तूल पकड़ गया, जब अधिकारी ने इसका वीडियो वॉट्सएप स्टेटस पर डाल दिया। हालांकि, कांग्रेस के आरोप पर सीएमओ ने कुछ भी कहने से मना कर दिया है।
कांग्रेस बोली- सरकार की वस्तुस्थिति स्पष्ट कर दी
सीएमओ के सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने ट्वीट कर भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार उपाध्याय (कैलू) ने कहा कि सीएमओ ने गजल से इशारे में यह वस्तुस्थिति स्पष्ट कर दी है कि इस सरकार में भूख के लिए रोटी नहीं है, बस सब्र करिए और सरकार को कोसिए। पूर्व नपाध्यक्ष और कांग्रेस पार्षद मीना वर्मा ने कहा, सीएमओ ने प्रदेश सरकार की सच्चाई बता दी है कि सरकार कोई काम नहीं कर रही।
