Friday, 10 April

भोपाल। प्रदेश में ओले-बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। आज शाम शाम को भोपाल, सतना समेत प्रदेश के 10 जिलों में तेज बारिश, आंधी चली और ओले गिरे।

सबसे ज्यादा छतरपुर जिले के नौगांव और सतना में एक इंच पानी गिरा। रीवा में पौन इंच, भोपाल, रायसेन और सीधी में आधा इंच से अधिक बारिश हुई। उज्जैन, शाजापुर, बैतूल, रायसेन, खजुराहो में भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश, आंधी और ओले गिरने का अनुमान जताया है।

भोपाल में आंधी की स्पीड 74 किमी, सीहोर में 48 किमी, शाजापुर में 43 किमी, सिंगरौली में 65 किमी, छतरपुर में 50 किमी, रीवा में 41 किमी और शहडोल में 41 किमी प्रति घंटे रही।

बीजेपी कोर कमेटी की बैठक में शामिल होने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया स्पेशल फ्लाइट के जरिए दिल्ली से भोपाल आ रहे थे। खराब मौसम के चलते उनके विमान को भोपाल में उतरने की परमिशन नहीं मिली। 10 मिनट तक इंतजार करने के बाद वे दिल्ली लौट गए।

आकाशीय बिजली से तीन लोगों की गई जान

शहडोल जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर दो बच्चों की मौत हो गई। सोहागपुर थाना इलाके के छतवई गांव में मनीषा बैगा (9) और गणेश बैगा (6) मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे लकड़ी बीन रहे थे। इसी बीच पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से दोनों बच्चों की घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं, शाजापुर जिला मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर नैनावद गांव में भी एक महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।

इन जिलों में रात में जारी रहेगी बारिश, आंधी मौसम विभाग ने रात में कई जिलों में हल्की या तेज बारिश होने का अनुमान जताया है। इनमें नर्मदापुरम के पचमढ़ी, बैतूल, भोपाल, सीहोर, रायसेन के सांची और भीमबेटका, जबलपुर के भेड़ाघाट, दमोह, नरसिंहपुर, सिवनी और छिंदवाड़ा जिले शामिल हैं। यहां 70 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं, ओले गिरने का अनुमान भी है। इसी तरह विदिशा, हरदा, सागर, मंडला के कान्हा नेशनल पार्क, कटनी, डिंडोरी, उमरिया और अनूपपुर के अमरकंटक में आकाशीय बिजली गिरने के साथ 50 से 70 किमी प्रति घंटे की गति से आंधी चल सकती है। इंदौर, धार, खरगोन, बालाघाट, शहडोल, खंडवा के ओंकारेश्वर में भी मौसम बदला रहेगा। 24 जिलों में यलो, 10 में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने मंगलवार को तेज बारिश, आंधी और ओले गिरने का अनुमान जताया है। जबलपुर-नर्मदापुरम समेत 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। भोपाल, सागर, विदिशा, सीहोर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर समेत 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Share.
Exit mobile version