भोपाल। विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि स्वस्थ वातावरण में पक्ष और विपक्ष ने अपनी बात रखी है। विधानसभा अध्यक्ष ने निष्पक्ष होकर पक्ष और विपक्ष को बोलने का मौका दिया है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष को धन्यवाद दिया।
नुकसान का सर्वे कराया जा रहा: राजस्व मंत्री
सीएम डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने सदन में ओला-पाला पर चर्चा के बाद कहा कि 148 करोड़ रुपए का वितरण वर्ष 2023-24 में ओला पीड़ितों को किया गया है। जहां ओला वृष्टि हो गई वहां सर्वे दल का गठन कर सर्वे कराया जा रहा है।
ओला, पाला से फसलों के नुकसान पर चर्चा विधानसभा में ओला पाला पर चर्चा हुई। कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने डिंडौरी जिले का मामला उठाया। उन्होंने मांग की है कि नुकसान का सर्वे कर गरीबों को राहत राशि दी जाए। मरकाम ने कहा कि मोटे अनाज की खेती करने वाली लहरी बाई जैसे अन्य किसानों को भारी नुकसान हुआ है। नरसिंहपुर में मसूर की खेती को भारी नुकसान हुआ है। कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने कहा कि जिन किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है, उनके बिजली बिलों की वसूली रोकी जाए। उनके बैंकों की बकाया वसूली रोकी जाए। उन्हें राहत राशि दी जाए। बैंकों से खेती के लिए लोन भी दिलाया जाए।
स्पीकर ने कांग्रेस का स्थगन अमान्य किया
सदन में पत्रों को पटल पर रखा गया। इस दौरान विधायक रामनिवास रावत ने स्थगन लाए जाने की बात कही, जिसे स्पीकर ने अमान्य कर दिया। कहा, आज स्थगन प्रस्ताव समय पर प्राप्त नहीं हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन संचालित होते समय आपस में बात सदस्य न करें।
