Saturday, 11 April

भोपाल। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) में मंत्री कुंवर विजय शाह और उनके दोस्तों की चिकन पार्टी पर केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने मध्यप्रदेश सरकार को लेटर लिखा है। मंत्रलाय ने मामले को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन माना है।

इसे लेकर नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) ने मामले में क्या एक्शन लिया गया है, इसकी रिपोर्ट मांगी है। NTCA के सहायक वन महानिरीक्षक हेमंत सिंह ने मध्यप्रदेश सरकार को लेटर भेजा है। इसमें शिकायतकर्ता वाइल्ड लाइफ एक्टिविस्ट अजय दुबे की शिकायत का भी जिक्र है।

बता दें, अजय दुबे ने शिकायत में कहा था कि STR स्टाफ हरसूद से विधायक विजय शाह और उनके दोस्तों को प्राइवेट गाड़ियों से रोरीघाट सिद्धबाबा पहाड़ी तक ले गया। यहां चूल्हा जलाकर चिकन पार्टी दी। जबकि, कोर एरिया में ऐसा करना नियमों के खिलाफ है।

शाह सरकार में मंत्री बने, जांच अधिकारी बैकफुट पर

कोर एरिया में चिकन पार्टी और प्राइवेट गाड़ियां अंदर ले जाने की जांच को 1 हफ्ते से ज्यादा हो चुका है। अब तक अफसर न तो जांच रिपोर्ट तैयार कर पाए और न दोषियों पर कार्रवाई।

चिकन पार्टी के 2 VIDEO भी सामने आए थे। एक में खुद विजय शाह नजर आ रहे हैं। मंत्रिमंडल विस्तार में शाह को फिर जगह दी गई है। विभाग का बंटवारा नहीं हुआ है। पहले वे वनमंत्री थे।

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद जांच अधिकारी बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। प्रधान मुख्य वन संरक्षक असीम श्रीवास्तव मामले की जांच STR के डिप्टी डायरेक्टर संदीप फैलोज से करा रहे हैं। असीम श्रीवास्तव से जब जांच रिपोर्ट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने यह कहते हुए बात नहीं की कि वह बिजी हैं। STR के फील्ड डायरेक्टर एल. कृष्णमूर्ति का कहना है कि जांच रिपोर्ट तैयार हो रही है। गुरुवार तक पूरी हो जाएगी।

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) के कोर एरिया में पूर्व वन मंत्री की आवभगत के दो वीडियो सामने आए हैं। इनमें फॉरेस्ट गार्ड चिकन, बाटी और भरता पकाते दिख रहे हैं। एक वीडियो हरसूद से भाजपा विधायक विजय शाह और उनके मित्र का है, जो शाह ने खुद बनाया है।

Share.
Exit mobile version