नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) के लिए सभी दलों की तरफ से बैठकों का दौर लगातार जारी है. बीजेपी की तरफ से पहली लिस्ट भी जारी कर दी गयी है. इस बीच 10 राज्यों की 60 सीटों पर उम्मीदवारों के चयन के लिए कांग्रेस पार्टी की बैठक गुरुवार शाम दिल्ली में चल रही है. इस बैठक में जिन राज्यों की सीटों को लेकर मंथन चल रहा है उनमें दिल्ली, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा, सिक्किम और लक्षद्वीप शामिल हैं. यह बैठक ऐसे समय हो रहा है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है।
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी भी बैठक में मौजूद
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी दिल्ली में हैं और बैठक में हिस्सा लेंगे. सूत्रों ने बताया कि राज्य की 17 लोकसभा सीटों में से नौ पर आज की बैठक में फैसला लिया जा सकता है. सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस दक्षिण तेलंगाना को लेकर आश्वस्त है, हालांकि उत्तरी तेलंगाना उसके लिए एक चुनौती साबित हो सकता है. रेड्डी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पार्टी को 17 में से 14 सीटें मिलेंगी. बाकी के लिए, वह भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की भारत राष्ट्र समिति के बीच “मैच फिक्सिंग” को जिम्मेदार मानते हैं.रेड्डी ने कहा कि पार्टी की प्रदेश इकाई चाहती थी कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा राज्य से चुनाव लड़ें।
कई राज्यों में कांग्रेस को मिल गए हैं सहयोगी दल
पार्टी ने दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ और गोवा में आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ और यूपी में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के साथ सीट बंटवारों को लेकर समझौता पक्का कर लिया है. महाराष्ट्र और बिहार में बातचीत चल रही है. झाऱखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ भी गठबंधन लगभग तय मानी जा रही है. तमिलनाडु में डीएमके और कांग्रेस भी मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
कुछ राज्यों में गठबंधन को लेकर अभी भी जारी है बातचीत
एक तरफ कांग्रेस पार्टी में टिकट बंटवारे को लेकर आज बैठक हो रही है. हालांकि कई ऐसे राज्य हैं जहां अभी सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है. महाराष्ट्र और बंगाल को लेकर गठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारे पर अंतिम सहमति नहीं बनी है. इन दोनों राज्यों को मिलाकर कुल 90 लोकसभा की सीटें हैं. वहीं बिहार में भी सीट बंटवारे को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
