Saturday, 11 April

 राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ऐतिहासिक साबित होगी: जीतू पटवारी

भोपाल। चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने जनता से वादा किया था कि लाडली बहना योजना में बहनों को 3000 रू. प्रति माह दिए जाएंगे, किसानों से 3100 रू. प्रति क्विंटल धान और 2700 रुपए प्रति क्विंटल के रेट से गेहूं की खरीद की जाएगी, इसके अलावा रसोई गैस का सिलेंडर 450 रुपए में दिया जाएगा। विधानसभा चुनाव परिणाम को आए हुए एक महीना दो दिन हो चुके हैं लेकिन अब तक सरकार ने कोई भी वादा नहीं निभाया है। विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री जी ने भाजपा का वचन पत्र हाथ में लेकर कहा था कि यह हमारी रामायण और गीता है तो मैं जानना चाहता हूं कि दो-तीन दिन पहले जबलपुर में कैबिनेट की जो बैठक हुई उसमें इस रामायण और गीता का एक भी वचन पूरा करने का फैसला क्यों नहीं लिया गया? मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने जबलपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह बात कही। 

श्री पटवारी ने कहा कि दो-तीन दिन पहले हमारी नवनिर्वाचित सरकार ने जबलपुर में कैबिनेट की बैठक की उसी दिन अखबार में यह खबर भी प्रकाशित हुई कि हमारी सरकार जनवरी से लेकर मार्च के बीच में 28,500 करोड रुपए कर्ज लेगी। मध्य प्रदेश की सरकार ने कहा कि महिलाओं को लाडली बहन योजना में 3000 रू. प्रति माह दिए जाएंगे किसानों का धान 3100 रू. प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा और गेहूं 2700 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा 450 रुपए में गैस का सिलेंडर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में भाजपा के घोषणा पत्र को लहरा के कहा यह हमारा गीता और रामायण है, तो फिर जबलपुर में हुई कैबिनेट में वचन पत्र के किसी वचन को क्यों नहीं निभाया?

श्री पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र में जिसे ज्यादा मत मिलते हैं, वह जीता है। हम चुनाव परिणाम को सिर माथे पर लेते हैं। मैंने स्पष्ट कहा है कि जनवरी आपकी है जनवरी के बाद कांग्रेस पार्टी विपक्ष की जिम्मेदारी निभाएगी और एक-एक घोषणा पर हिसाब लेगी।

चुनाव के समय कोई भी राजनीतिक पंडित मीडिया या आम जनता सभी यह कहते थे कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी लेकिन जो भी कारण हो कांग्रेस की सरकार नहीं बन सकी, मैं इस विषय पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करूंगा। मैं कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि आज आप में से ही एक कार्यकर्ता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना है। यह नेतृत्व कार्यकर्ताओं का है। 

श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का सिद्धांत वही सिद्धांत है जो भारत देश का सिद्धांत है जो भगवान रामकृष्ण पैगंबर साहब और गुरु नानक देव जी का सिद्धांत है। मुझे अपने हिंदू होने पर गर्व है और इसी तरह हमारे मुसलमान सिख जैन ईसाई और अन्य धर्म के भाइयों को भी अपने धर्म पर गर्व है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने जबलपुर में पत्रकारों से बातचीत में आज यह बात कही।

श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मूल विचार देश का विचार है, संविधान का विचार है, राम-कृष्ण गुरु नानक का विचार कांग्रेस का विचार है, प्रेम-अहिंसा और मोहब्बत का विचार है। 

कांग्रेस पार्टी सर्वधर्म समभाव की बात करती है। हम लोग धर्म के आधार पर राजनीति नहीं करते हैं। मैं हिंदू हूं, मुझे अपने हिंदू होने पर गर्व है। मैं अपनी जीवन पद्धति हिंदू धर्म के हिसाब से भगवान राम-कृष्ण की पूजा अर्चना करके बिताता हूं। लेकिन मेरा मुसलमान भाई, मेरा सिख भाई, मेरा इसाई भाई, दलित भाई अपनी भावनाओं से निभाएगा। इसमें कांग्रेस पार्टी स्पष्ट है कोई कंफ्यूजन नहीं है।

श्री राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में श्री पटवारी ने कहा यह न्याय यात्रा जनता को न्याय दिलाने के लिए हो रही है। क्या पत्रकारों के साथ न्याय हो रहा है? विज्ञापनों से मीडिया संस्थान तो बढ़ते जा रहे हैं लेकिन 10 साल से पत्रकारों की तनख्वाह क्यों नहीं बढ़ रही है? इसका मतलब है कि पत्रकारों के साथ न्याय नहीं हो रहा है। 90 प्रतिशत लोग महंगाई से जूझ रहे हैं, क्यों जूझ रहे हैं? आर्थिक असमानता क्यों आई है? सामाजिक असमानता, आर्थिक असमानता, शैक्षिक असमानता, राजनीतिक असमानता को दूर करने के लिए श्री राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। 

अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण के संबंध में एक सवाल के जवाब में श्री पटवारी ने कहा कि भगवान राम का मंदिर बने कांग्रेस पार्टी हमेशा इसकी पक्षधर रही है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही कहा कि कोर्ट जो निर्णय लेगा उसका सम्मान करेगी और देश के हर नागरिक ने उसका स्वागत किया। हम भी उसमें सम्मिलित हैं। 

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को चुनौती देते हुए कहा है कि यह जनवरी पूरा आपका है लेकिन फरवरी से विपक्ष अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।अब कार्यकर्ता ही नेतृत्व करेगा पार्टी का 

जीतू पटवारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव का जो नतीजा आया वह हम भूल चुके हैं और अब आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पूरी कांग्रेस तैयार है। जीतू पटवारी ने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं की नेतृत्व से ही कांग्रेस पार्टी चलेगी। हमारी पार्टी में अब ना कोई विधायक, होगा ना सांसद और ना ही कोई बड़ा मंत्री आप सब कार्यकर्ता होंगे और इसी विचारधारा से हम भाजपा का मुकाबला करेंगे।

श्री जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो में यात्रा आगामी दिनों में प्रदेश के 9 जिले से गुजरेगी जिसमें की 30 विधानसभा और पांच लोकसभा क्षेत्र भी होंगे। राहुल गांधी की इस यात्रा में लाखों की जनता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे जिनसे की राहुल गांधी बात करेंगे। पार्टी उसकी तैयारी कर रही है।

Share.
Exit mobile version