Friday, 10 April

सागर। सागर में युवक की हत्या के विरोध में परिजन ने चक्काजाम कर दिया है। कोतवाली थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया जा रहा है। पुलिस मौके पर है। प्रदर्शनकारी आरोपियों के घर गिराने की मांग कर रहे हैं। महिलाओं ने पुलिस पर चूड़ियां फेंक कर विरोध जताया।

कोतवाली थाने से 50 मीटर दूर चकराघाट पर शुक्रवार रात 9.30 बजे 3 बदमाशों ने युवक को घेरकर हत्या कर दी थी। चकराघाट निवासी 29 वर्षीय अमित उर्फ अम्मू दुबे और उसका साथी चकराघाट धनुषधारी मंदिर के सामने किराना दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान दो तरफ से आए बदमाशों ने अमित को पेट में बाएं तरफ छुरा मार दिया। वह भागकर चाय की दुकान पर पहुंचा और गिर गया। भीड़ देख आरोपी भाग निकले।

देर रात पुलिस ने कई ठिकानों पर दबिश दी। मृतक का पुश्तैनी मकान भी चकराघाट पर ही है। परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को ऑटो से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।युवक चाट का ठेला लगाता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले युवक का बदमाशों से राह चलते झगड़ा हुआ था। पुलिस ने मुख्य आरोपी के पिता को हिरासत में लिया है। वारदात में चौरसिया, सोनी और रैकवार समाज के तीन लड़कों के नाम सामने आए हैं।

Share.
Exit mobile version