Friday, 10 April

ग्वालियर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हर बूथ को कांग्रेस मुक्त बूथ बनाना है, कांग्रेस अब बची नहीं है, उनका कार्यकर्ता निराश है, ऐसे कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम किया जाए। शाह ने चुटकी लेते हुए कहा कि आप उनको जोड़ेंगे तो वे आपके अधिकार नहीं लेंगे, आप पार्टी में सालों से काम कर रहे हैं, वे यहां आकर कुछ नहीं लेंगे। बड़े कांग्रेस नेताओं की जिम्मेदारी भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़िए।

उन्होंने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव पर दुनिया की नजर है, हमने पिछले दस साल में देश को सुरक्षित भी किया है अब नवनिर्माण की बारी है, इसलिए यह महत्वपूर्ण है। हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने हैं। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के चलते सोमवार को ग्वालियर आए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्थानीय होटल में ग्वालियर-चंबल क्लस्टर की प्रबंध समिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री डा मोहन यादव, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ,ग्वालियर-चंबल के क्लस्टर प्रभारी भूपेंद्र सिंह शामिल रहे। 400 पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक शुरू होते ही शाह ने जब संवाद शुरू किया तो वे मंच से उतरकर नीचे आ गए और कुर्सी डालकर आमने सामने बैठकर ही संबोधित करने लगे। बैठक में कई कार्यकर्ताओं ने सवाल भी किए।

कार्यकर्ताओं को शाह समझा गए बूथ का बारीक प्रबंधन

बैठक में क्लस्टर में शामिल ग्वालियर, मुरैना, भिंड और गुना-शिवपुरी लोकसभा सीटों से जुड़े पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के उद्देश्य से केंद्रीय गृहमंत्री ने कार्यकर्ताओं को बूथ का बारीक प्रबंधन भी समझाया।

बूथ प्रभारी, पन्ना प्रभारी से लेकर समितियों तक के कार्यकर्ताओं के लिए कहा कि अब जुटकर काम करना है और नवमतदाताओं पर सबसे ज्यादा फोकस करना है।

Share.
Exit mobile version