Friday, 10 April

नई दिल्ली। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) ने बुधवार को राष्ट्रीय पार्टियों की आय और खर्च पर रिपोर्ट प्रकाशित की है। रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए कुल छह राष्ट्रीय दलों की आय और व्यय का विश्लेषण है। इनमें भाजपा, कांग्रेस, बसपा, माकपा, आम आदमी पार्टी और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) शामिल हैं।

दरअसल, सभी राजनीतिक दलों के लिए अपनी ऑडिट रिपोर्ट का विवरण चुनाव आयोग को जमा करना होता है। आयोग ने इस व्यवस्था को साल 2014 से अनिवार्य कर दिया था। ताजा रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान सभी राष्ट्रीय दलों द्वारा पूरे देश में की गई कुल आय और व्यय का ब्योरा सामने आया है। 

2022-23 में राष्ट्रीय पार्टियों की आय और व्यय

भाजपा को वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान कुल 2,360.844 करोड़ रुपये की आय हुई है। पार्टी ने घोषित किया है कि उसने कुल आय का 57.68% यानी 1,361.684 करोड़ रुपये खर्च किया। देश की मुख्य विपक्षी पार्टी इस मामले में दूसरे स्थान पर है। कांग्रेस की कुल आय 452.375 करोड़ रुपये थी जबकि पार्टी ने 467.135 करोड़ रुपये खर्च किए। इस तरह से 2022-23 में कांग्रेस ने अपनी कुल आय से 3.26% अधिक खर्च कर दिया। 

तीसरे स्थान पर माकपा है जिसकी कुल आय 141.661 करोड़ रुपये रही। जबकि पार्टी ने अपनी आय का 74.87% यानी 106.067 करोड़ रुपये खर्च किए। दिल्ली और पंजाब की सत्ताधारी पार्टी आप चौथे स्थान पर है। आम आदमी पार्टी की कुल कमाई 85.17 करोड़ रुपये थी जबकि पार्टी ने 102.051 करोड़ रुपये खर्च किए। इस तरह से 2022-23 में आप का व्यय उसकी कुल आय से 19.82% अधिक रहा।

2022-23 में राष्ट्रीय पार्टियों की आय

राष्ट्रीय दलों ने अपनी वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट में बताया है उनकी कुल कमाई विभिन्न स्रोतों से हुई है। छह राष्ट्रीय पार्टियों ने देशभर से कुल 3076.882 करोड़ रुपये की आय घोषित की है। वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान भाजपा ने राष्ट्रीय पार्टियों में सबसे ज्यादा 2360.844 करोड़ रुपये की आय दिखाई है। यह आंकड़ा 2022-23 के दौरान छह राष्ट्रीय दलों की कुल आय का 76.73% हिस्सा है।कांग्रेस ने 452.375 करोड़ रुपये के साथ दूसरी सबसे बड़ी आय घोषित की। यह छह राष्ट्रीय दलों की कुल आय का 14.70% हिस्सा है।

साल दर साल आय

वित्त वर्ष 2021-22 में भाजपा की आय 1917.12 करोड़ रुपये थी। अगले वित्त वर्ष यानी 2022-23 के दौरान यह आंकड़ा बढ़कर 2360.844 करोड़ रुपये हो गया। इस तरह से भाजपा की आय 23.15% (443.724 करोड़ रुपये) बढ़ गई। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा की पार्टी एनपीपी की आय 2021-22 के दौरान 47.20 लाख रुपये थी। 2022-23 के दौरान बढ़कर 7.562 करोड़ रुपये हो गई यानी इसकी आय में 1502.12% (7.09 करोड़ रुपये) की बढ़ोतरी हुई।

Share.
Exit mobile version