रांची । झारखंड के अधिकतर जिलों में आंधी-तूफान का दौर जारी रहा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक झारखंड के हजारीबाग, पलामू, सिमडेगा, गढ़वा, चतरा और खूंटी में आंधी-तूफान से 6 लोगों की मौत हो गयी। वहीं भारी बारिश और ओला गिरने के कारण राज्य के कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी। बताया जा रहा है कि झारखंड के कई जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। तेज हवा चलने के कारण कई इलाकों में सड़क पर पेड़ गिर गए हैं। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण कोडरमा, चतरा और धनबाद में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी है। वहीं मौसम खराब होने के बाद रांची में फीडरों को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया।
मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार झारखंड के मध्य, पूर्वी व दक्षिण भाग के जिले जैसे गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, हजारीबाग, रांची, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला खरसावां में शुक्रवार को भी बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और यहां के लोगों को अलर्ट व सावधान रहने को कहा गया है।
जमशेदपुर में करीब 1 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शहर के सड़कों पर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौसम विभाग ने पहले ही संकेत दिया था कि जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होगी। वहीं अगले 24 घंटे तक आकाश में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। मूसलाधार बारिश और तेज हवा से ग्रामीण क्षेत्रों में काफी नुकसान होने की खबर है, वहीं भीषण गर्मी से लोगों को राहत भी मिली है।
Get all latest News in Hindi related to politics, sports, entertainment, technology and educati etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and internatial news in Hindi. Follow us Google news for latest Hindi News and Natial news updates.